Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रामपुर धोबियाहार में बारातियों का हंगामा:लाहड़ौरा से आए बारातियों ने टेंट मजदूरों-मालिक...

रामपुर धोबियाहार में बारातियों का हंगामा:लाहड़ौरा से आए बारातियों ने टेंट मजदूरों-मालिक को पीटा, सामान तोड़ा


बहराइच जिले के रामपुर धोबियाहार गांव में एक शादी समारोह के दौरान बारातियों ने जमकर हंगामा किया। लाहड़ौरा से आई बारात के कुछ सदस्यों ने पहले टेंट लगा रहे मजदूरों से मारपीट की और फिर टेंट मालिक जुन्नू चौधरी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान टेंट का सामान भी तोड़ा गया। पुलिस ने कुछ बारातियों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना खैरीघाट थाना क्षेत्र के रामपुर धोबियाहार गांव में तिलक राम वर्मा की बेटी की शादी में हुई। शादी पयागपुर थाना क्षेत्र के लाढ़ौरा से तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार, बारात गाजे-बाजे के साथ गांव पहुंची, जहां गांव वालों ने बारातियों का स्वागत किया। देर रात टेंट के मजदूरों और बारातियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान कुछ बारातियों ने मजदूर रोहित को गाली भी दी। हालांकि, उस समय विवाद शांत हो गया था। विवाद की जानकारी मिलने पर टेंट मालिक जुन्नू चौधरी गुरुवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बारातियों से मजदूर को पीटने का कारण पूछा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और बारात पक्ष के लगभग 15 से 20 लोगों ने जुन्नू चौधरी पर जानलेवा हमला कर दिया और उनकी पिटाई की। बारातियों ने टेंट में लगी लाइट समेत अन्य सामान भी तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। सूचना मिलने पर चौकी बैवाही के उपनिरीक्षक मुकुट नाथ चौधरी और लालधर प्रसाद मौके पर पहुंचे। जब मामला शांत नहीं हुआ, तो थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने कुछ बारातियों को हिरासत में लिया है। चौकी इंचार्ज बैवाही महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments