प्रयागराज,। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित ज्वाला देवी स.वि.इ.काॅलेज में बोर्ड परीक्षा मेधावी सम्मान समारोह गुरूवार को विद्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश, जिले तथा विद्यालय की मेरिट सूची में स्थान में बनाने वाले 55 भैया-बहनों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने कहा कि आज इस प्रतिभा अलंकरण समारोह में पुरस्कार प्राप्त छात्रों को देखकर यह विचार आता है कि पुरस्कार किसी व्यक्ति के जीवन में उत्साह एवं गति प्रदान करते हैं। यदि इसका प्रारम्भ छात्र जीवन से ही हो जाये तो निश्चित रुप से उसे नित नये कीर्तिमान स्थापित करने से कोई रोक नहीं सकता। इसके लिए सम्बन्धित संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संगमनगरी के लिए यह गर्व का विषय है कि विद्या भारती द्वारा संचालित ज्वाला देवी स.वि.म. इण्टर कॉलेज सिविल लाइन्स निरन्तर ऐसी प्रतिभाओं को तराश रहा है, जो अपने भावी जीवन में भारत माता के यश में श्रीवृद्धि करेंगे और समाज को सच्ची दिशा प्रदान करने में अपना अपूर्व योगदान प्रदान करेंगे’’।अपने अध्यक्षीय आशीर्वचन में प्रदेश निरीक्षक, विद्या भारती काशी प्रान्त शेषधर द्विवेदी ने कहा कि जीवन में सफलता और सार्थकता दो ऐसे पहलू हैं जिन्हें अक्सर एक ही मान लिया जाता है, जबकि वास्तव में इनमें गहरा अंतर होता है। एक सफल जीवन बाहरी उपलब्धियों और भौतिक सुख-सुविधाओं पर केंद्रित हो सकता है, जबकि एक सार्थक जीवन गहरे आंतरिक संतोष, उद्देश्य और दूसरों के जीवन में सकारात्मक योगदान पर आधारित होता है। उन्होंने कहा कि जैसे एक व्यक्ति जो दूसरों की निःस्वार्थ भाव से मदद करता है, मजबूत और स्वस्थ रिश्ते बनाता है, या सकारात्मक प्रभाव डालता है, वह एक सार्थक जीवन जी रहा हो सकता है। भले ही उसके पास बहुत अधिक धन या सामाजिक प्रतिष्ठा न हो। इसी परिकल्पना को साकार करने के लिए विद्या भारती के विद्यालय छात्र को केन्द्रबिन्दु मानकर उसके सर्वागीण विकास का कार्य कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि प्रयागराज विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि ’’सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता, सफलता सदैव कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन एवं देश हित में काम करने की भावना से ही मिलती है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा अपने गुरुजनों को सम्मान करना चाहिए तथा सदैव उनसे कुछ नया सीखने का प्रयास करते रहना चाहिए।
इसके पूर्व मंचस्थ अतिथियों का परिचय एवं सम्मान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने कराया। तत्पश्चात् उन्होंने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भैया बहनों ने अपने कठिन परिश्रम व लगन से प्रदेश की मेरिट में 3 एवं जिले की मेरिट में 4 स्थानों पर कब्जा जमाते हुए अपना परचम लहराया है।
पुरस्कार के रुप में प्रदेश की मेरिट में स्थान बनाने वाले भैया बहनों को ट्रॉली बैग, जिले में स्थान बनाने वाले भैया बहनों को स्मार्ट वॉच, स्मृति चिन्ह एवं उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल चैम्पियनशिप में स्थान बनाने वाले आदेश सिंह का विशेष सम्मान किया गया।
अन्त में विद्यालय के प्रबन्धक डॉ. आनन्द श्रीवास्तव ने सभी लोगों का आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की बहनों हितिशा चावला एवं समृद्धि वैश्य ने आचार्य सन्तोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक बन्धु भगिनी, आचार्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












