Homeदेश (National)रूस-यूक्रेन जंग: एक और जहाज पर हमला, चार भारतीय थे सवार; दो...

रूस-यूक्रेन जंग: एक और जहाज पर हमला, चार भारतीय थे सवार; दो लापता

रूस और यूक्रेन जंग में एक और वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाया गया। यह हमला ओडेसा बंदरगाह पर हुआ। जहाज पर चार भारतीय नागरिक सवार थे। यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। वहीं दो अन्य के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। जहाज का नाम ‘एमवी एजीएन रैग्नर’ बताया जा रहा है। शनिवार को ओडेसा बंदरगाह पर इसको निशाना बनाया गया। भारतीय दूतावास का कहना है कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

दूतावास ने बताया, ‘यूक्रेन में भारतीय दूतावास 25 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह पर हमले की जद में आए एमवी एजीएन रैग्नर से जुड़े घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है। घटना के समय जहाज पर चार भारतीय नागरिक सवार थे। ताजा जानकारी के अनुसार दो भारतीय सुरक्षित हैं, जबकि अन्य दो भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी का अभी इंतजार है।’

यह भी पढ़ें: ‘हरजोत बैंस और बलबीर सिंह कब देंगे इस्तीफा’, घिर क्यों गई है AAP सरकार?

भारतीय दूतावास ने आगे कहा, ‘खोज और बचाव अभियान जारी है। संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है, ताकि लापता चालक दल के सदस्यों की स्थिति का पता लगाया जा सके और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जा सके।’

बता दें कि अभी तक चारों भारतीयों की पहचान नहीं हो पाई। यह भी पता नहीं चला है कि यह हमला किसने किया है। कुछ दिन पहले ही ओडेसा बंदरगाह पर रूस ने एक जहाज को निशाना बनाया था। इसमें चार नाविकों की मौत हुई थी। भारत ने रूस के राजनयिक को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया था। उसके कुछ दिन बाद ही दोबारा हमले ने भारत की चिंता बढ़ा दी है। काला सागर क्षेत्र में स्थित ओडेसा यूक्रेन का सबसे अहम बंदरगाह है। 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद इसे कई बार निशाना बनाया जा चुका है।

कुछ दिन पहले ही भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमें कहा गया था कि इन जलक्षेत्रों में चलने वाले या इनसे होकर गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों समेत गंभीर सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है। अप्रैल से वाणिज्यिक जहाजों पर ऐसे हमलों में इजाफा हुआ और पांच भारतीयों की मौत हुई।

यह भी पढ़ें: असम में 62, गुजरात में 31 मौतें; देशभर में बाढ़ और भारी बारिश से तबाही

एडवाइजरी में इस क्षेत्र में काम करने वाले नाविकों को अत्यधिक सावधानी बरतनी और अन्य एहतियाती उपाय अपनाने की सलाह दी गई थी। जैसे- नियोक्ताओं, भर्ती एजेंसियों और जहाज संचालकों से जहाज के मार्ग, पड़ाव बंदरगाहों, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा कवरेज और आपातकालीन प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी हासिल करना। इसके अलावा भारतीय दूतावास के आपातकालीन नंबर भी जारी किए गए थे, ताकि नाविकों को कांसुलर सहायता प्रदान की जा सके।

  • रूस स्थित भारतीय दूतावास: +7 9652773414
  • यूक्रेन में भारतीय दूतावास: +38 0933559958

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments