#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित उमरिया कटरिया रिंग बांध पर सरयू नदी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। नदी अब बांध से सटकर बहने लगी है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है। नदी की कटान से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की कृषि योग्य भूमि नदी में समा चुकी है, जिससे किसानों में गहरी चिंता है। स्थानीय निवासी राम जागीर और रामदेव ने बताया कि पहले नदी यहां से काफी दूर बहती थी, लेकिन अब यह बांध से काफी हद तक सटकर बहने लगी है, जिससे खतरा बढ़ गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले कभी बांध पर इस तरह का दबाव महसूस नहीं हुआ था। बांध की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और दिन-रात युद्ध स्तर पर बचाव कार्य में जुटे हैं। बुधवार सुबह दैनिक भास्कर की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्टिंग की, जहां अधिकारी बांध को बचाने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम करते नजर आए। बांध पर कटान रोकने के लिए जियो बैग, बड़े रोड़े, सीट वायर क्रेट्स और बोल्डर लॉन्च किए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता जेपी सिंह मौके पर मौजूद रहकर पूरे कार्य की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि नदी के बढ़ते दबाव को देखते हुए बांध को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बड़ी-बड़ी मशीनें जैसे जेसीबी और हाइड्रा लगाकर सामग्री को तेजी से शिफ्ट किया जा रहा है ताकि काम जल्दी पूरा हो सके। क्षेत्र के किसानों में इस कटान को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और भी बड़ा नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से निजात मिल सके। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि बाढ़ से पहले ऐसे उपाय किए जाते तो काफी हद तक दिक्कतें कम होतीं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सरयू का उमरिया कटरिया बांध पर दबाव बढ़ा:नदी बांध से सटकर बही, सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि समाई
RELATED ARTICLES












