सिद्धार्थनगर के खेसरहा विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय सकारपार में बुधवार, 1 अप्रैल 2026 को ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘सब पढ़े, सब बढ़े’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना था। यह अभियान जिलाधिकारी शिवशण्णपा जी.एन. और बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार के निर्देशन में, तथा खंड शिक्षा अधिकारी नीरज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और स्लोगन लेकर गांव में रैली निकाली। रैली गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जहां बच्चों ने ‘सब पढ़े, सब बढ़े’ और ‘हर बच्चा स्कूल जाए’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा से जोड़ने की अपील की। इस दौरान शिक्षकों ने भी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं जैसे नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, ड्रेस और मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक नीरज पांचाल ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और प्रत्येक अभिभावक का कर्तव्य है कि वह अपने बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजे। ग्राम प्रधान कलावती देवी ने भी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने और उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
सिद्धार्थनगर में ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू:’सब पढ़े, सब बढ़े’ कार्यक्रम का भी रैली के साथ शुभारंभ
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












