HomeHealth & Fitnessश्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा

IMG-20260728-WA0415कौशाम्बी। जिले में श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने मंगलवार को जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कड़ाधाम थाना क्षेत्र के गंगा घाटों और प्रमुख मंदिरों के साथ ही सैनी थाना क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पुलिस तैनाती तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता के साथ संचालित की जाएं।

एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं का आवागमन निर्बाध और सुरक्षित बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूर्ण संवेदनशीलता, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखें, ताकि श्रावण मास के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनी रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments