HomeHealth & Fitnessतेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, हादसे में तीन...

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, हादसे में तीन दोस्तों की मौत

  • हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के डगावानीमा गांव के पास हुआ।
  • मृतकों की पहचान संदीप खरबड़े, सुनील और गोपाल राजपूत के रूप में हुई।
  • तीनों युवक आपस में दोस्त थे और साथ मिलकर एसी रिपेयरिंग का काम करते थे।

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों युवक एसी रिपेयरिंग का काम करते थे और रोज की तरह काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान डगावानीमा गांव के पास फोरलेन पर बैतूल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि दुर्घटना सोमवार रात करीब 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंजतारा रेस्टोरेंट के समीप हुई। तीनों युवक हरदा की ओर आ रहे थे और फोरलेन पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

एक साथ बुझ गए तीन घरों के चिराग
हादसे में संदीप पुत्र प्रकाश खरबड़े (30) निवासी किसानी मोहल्ला, सिराली, सुनील पुत्र उमराव सिंह (30) निवासी सन्यासा (वर्तमान निवासी बीबी सिटी कॉलोनी, हरदा) और गोपाल पुत्र धनसिंह राजपूत (31) निवासी ग्राम सोताड़ा की मौत हो गई।

संदीप दो भाइयों में बड़े थे और अपने पीछे पत्नी व दो वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। सुनील की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उनका कोई संतान नहीं था।

बचपन से उनका पालन-पोषण उनके मामा ने किया था और वे अपनी मां तथा पत्नी के साथ हरदा में रहते थे। गोपाल भी दो भाइयों में बड़े थे और उनका तीन माह का एक मासूम बेटा है। वे वर्तमान में हरदा के मुदित होम क्षेत्र में रहकर काम करते थे।

तीनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे और लंबे समय से साथ मिलकर एसी रिपेयरिंग का कार्य कर रहे थे। रोज की तरह काम खत्म कर लौटते समय किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

टक्कर के बाद पलटी कार, चालक फरार
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर पलट गई। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

वाहन में सवार एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक की स्थिति क्या थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

गांवों में पसरा मातम
एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से सिराली, सन्यासा और सोताड़ा गांवों में शोक की लहर है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

अंतिम दर्शन के दौरान हर आंख नम थी। स्थानीय लोगों ने तीनों को मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार युवा बताते हुए हादसे को जिले की बड़ी त्रासदी बताया।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments