- विद्युत पोल-तार टूटे, बहाली में लगेगा वक्त
उतरौला(बलरामपुर)। सोमवार को आई तेज आंधी और उसके बाद हुई मूसलाधार बारिश ने उतरौला नगर सहित पूरे ग्रामीण अंचल में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के झोंकों से दर्जनों हरे-भरे पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई जगह विद्युत पोल व तार टूटकर गिरने से पूरी तहसील क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई।

एंबुलेंस पर गिरा पेड़, दो बाल-बाल बचे
तेज आंधी के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला से मरीज लाने के लिए जा रही एंबुलेंस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में चालक रामदीन व सहायक प्रभात यादव एंबुलेंस में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई।
बिजली बहाली में लगेंगे घंटे
आंधी से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के कई पोल टूट गए और तार जगह-जगह टूटकर गिर गए। इससे पूरी आपूर्ति बाधित हो गई है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फॉल्ट ठीक करने में कर्मचारियों को कई घंटे की मशक्कत करनी पड़ेगी। देर रात तक बिजली बहाल होने की उम्मीद है।
सड़कों पर पेड़, आवागमन बाधित
उतरौला-बलरामपुर, उतरौला-मनकापुर, बदलपुर-धुसवा समेत कई मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी से पेड़ हटाने में जुटी है।












