श्रावस्ती में 13 मई को आई तेज आंधी के दौरान ब्लॉक इकौना परिसर में पेड़ की डाल गिरने से घायल हुए 13 वर्षीय अमित गुप्ता की मदद के लिए जिला प्रशासन आगे आया है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सहायता प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार विजय गुप्ता, जिला आपदा विशेषज्ञ तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अरुण कुमार मिश्र और लेखपाल मनीष घायल अमित के घर पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। नायब तहसीलदार विजय गुप्ता ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर उसके पैर में रॉड डाली है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे के पूरी तरह स्वस्थ होने में लगभग तीन महीने का समय लग सकता है। प्रशासन की ओर से अनुमन्य अहेतुक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि आपदा टीम घटना के बाद से लगातार परिवार के संपर्क में है। शासन स्तर से मिलने वाली सभी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से घायल बच्चे के लिए आवश्यक सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजसेवियों से भी परिवार की मदद के लिए अपील की जाएगी, ताकि उपचार और पुनर्वास में किसी प्रकार की कमी न रहे। प्रशासन की इस पहल से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अमित के पूरी तरह स्वस्थ होने तक हर स्तर पर सहयोग जारी रहेगा।
आंधी से घायल किशोर की मदद को आगे आया प्रशासन:श्रावस्ती डीएम ने रेडक्रॉस उपकरण देने के दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












