लखनऊ। काकोरी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद बढ़ गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और छीना-झपटी तक पहुंच गया। बचाव करने आई महिला के साथ भी हाथापाई की गई। दोनों पक्षों ने कोतवाली काकोरी में लिखित तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महमूदपुर (माढोपुर) निवासी नीतू सिंह ने अपनी तहरीर में बताया कि 4 मई 2026 की रात करीब 8 बजे शिवजी पुत्र स्व. धरमपाल सिंह उनके घर आया और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आईं उनकी चाची माया देवी के साथ भी हाथापाई की गई। नीतू सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने माया देवी की बालू की दुकान पर तोड़फोड़ की और सुबह से ही लगातार गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। वहीं, दूसरे पक्ष से शुभम यादव ने भी तहरीर दी है।
शुभम यादव के अनुसार, उनके गांव के शिवजी यादव उनकी मां माया देवी और दादी नीतू सिंह के साथ झगड़ा और मारपीट कर रहे थे। जब वह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके गले से लगभग दो तोला सोने की चेन छीन ली। दोनों पक्षों द्वारा दी गई तहरीरों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शिवजी दबंग प्रवृत्ति का है और पहले भी विवादों में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।












