बस्ती: छावनी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक पति ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा। ग्रामीणों ने पति को पत्नी को पीटते हुए देखा, जिसके बाद उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पति को हिरासत में ले लिया गया है। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर शंकरपुर गांव के किनारे स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुई। स्थानीय लोगों ने एक युवक को महिला को पीटते हुए देखा और बीच-बचाव किया। पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और नशे में धुत पति अपनी पत्नी को पीट रहा था। ग्रामीणों ने उन्हें समझा-बुझाकर घर के लिए रवाना कर दिया था। हालांकि, थोड़ी देर बाद रास्ते में नहर के पास पति फिर से महिला को पीटने लगा। महिला के साथ एक छोटा बच्चा भी था। महिला की पुकार सुनकर ग्रामीण फिर से मौके पर पहुंचे। जब ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो युवक उनसे भी उलझ गया, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने तुरंत विक्रमजोत चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। युवक की पहचान परसरामपुर थाना क्षेत्र के हरेवा शुक्ल गांव निवासी उदयभान के रूप में हुई, जबकि उसकी पत्नी का नाम संगीता है। पुलिस ने पुष्टि की कि उदयभान नशे की हालत में था। पुलिस ने उदयभान को हिरासत में ले लिया और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल संगीता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में इलाज के लिए भर्ती कराया। विक्रमजोत चौकी प्रभारी शशि शेखर सिंह ने बताया कि इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर











