बस्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुबौलिया के अंतर्गत आने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र चिलमा सैनिया में अक्सर ताला लगा रहता है। आरोप है कि यहां तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) अभिषेक कुमार ड्यूटी से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं और ग्रामीण परेशान हैं। सूत्रों के अनुसार, CHO अभिषेक कुमार पर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को प्रतिमाह सुविधा शुल्क देकर ड्यूटी से गायब रहने का आरोप है। इस कारण उप स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाएं ठप पड़ी हैं। CHO अभिषेक कुमार की ड्यूटी से अनुपस्थिति को लेकर कई बार समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके बावजूद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुबौलिया के प्रभारी (अधीक्षक) डॉ. सुशील कुमार की कथित मनमानी के कारण इन खबरों का कोई असर नहीं हुआ। उप स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार ताला लगे रहने से सरकारी दवाओं के वितरण और उनके गायब होने पर भी सवाल उठ रहे हैं, जो जांच का विषय है। यह स्थिति BCPM, MOIC, DCPM और CMO जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के कामकाज पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है। इस संबंध में जिला मुख्य चिकित्साधिकारी बस्ती राजीव निगम ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मामला सही पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर












