सिद्धार्थनगर के खेसरहा क्षेत्र स्थित ग्राम महुईनानकार में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव की अधिकांश नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत को भी उजागर करती है। गांव में साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मी की नियुक्ति होने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई है। मोहर यादव ने बताया कि सड़कों पर पानी जमा रहने से बदबू आती है। रामहित और प्रहलाद ने शिकायत की कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा है। सिद्धू ने गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बच्चों व बुजुर्गों में बीमारी के खतरे की बात कही। इस संबंध में ग्राम प्रधान विनोद ने बताया कि गांव में सफाई व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सफाईकर्मी को नियमित रूप से काम करने के निर्देश दिए हैं और जल्द ही नालियों की सफाई कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।
सिद्धार्थनगर के महुईनानकार में सफाई व्यवस्था चरमराई:नालियां जाम होने से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, ग्रामीण परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












