सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के शिवदासपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक 132 केवी हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। टावर पर चढ़ा युवक बनकटा गांव, थाना भवानीगंज निवासी जिप्पी पुत्र बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह सुबह करीब आठ बजे अचानक टावर पर चढ़ गया। हाईटेंशन लाइन होने के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास करते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत की और काउंसलिंग कर उसे समझाया। काफी समझाइश के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ और उसे सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार चल रहा है। उसे कोई चोट नहीं आई है। आवश्यक पूछताछ और काउंसलिंग के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस ने एहतियातन मौके पर भीड़ को टावर से सुरक्षित दूरी पर रखा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सिद्धार्थनगर में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक:दो घंटे बाद पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा, पूछताछ कर परिजनों को सौंपा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












