#बस्ती_न्यूज
बस्ती में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन ने शहर की तीन प्रमुख जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पहली मांग शहर के ऐतिहासिक शास्त्री चौक पर लगे हाईमास्ट राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ से संबंधित थी। संगठन ने बताया कि पिछले लगभग छह माह से इस स्तंभ पर तिरंगा नहीं फहराया गया है। बस्ती मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहे पर राष्ट्रीय ध्वज का न होना शहर की गरिमा के विपरीत है और नागरिकों की भावनाओं को भी आहत करता है। उन्होंने तत्काल तिरंगा पुनः फहराने की मांग की। दूसरी गंभीर समस्या शहर के कूड़ेदानों में अस्पतालों द्वारा मेडिकल वेस्ट फेंके जाने की बताई गई। व्यापार मंडल के अनुसार, इस्तेमाल की गई पट्टियां, इंजेक्शन की सुइयां और अन्य जैविक कचरा खुले में पड़ा रहता है, जिससे भोजन की तलाश में घूमने वाले गोवंश घायल हो रहे हैं। संगठन ने मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। तीसरी मांग बड़े वन ब्रिज के पास सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की थी। व्यापारियों ने बताया कि यह शहर का अत्यंत व्यस्त बाजार क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं। महिला और पुरुष दोनों के लिए शौचालय की सुविधा न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह और मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे जनहित से जुड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग दोहराई और स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
व्यापार मंडल का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन:शहर की तीन प्रमुख समस्याओं पर कार्रवाई की मांग; आंदोलन की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












