लखनऊ। इटौंजा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में स्कूल की छत पर काम कर रहे एक युवक की गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, सिरसा कमालपुर स्थित एक स्कूल में ठेकेदार आदिल सिद्दीकी द्वारा शेड निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान ठेकेदार अपने साथ अचरामऊ निवासी करीब 30 वर्षीय दानिश को काम के लिए लेकर आया था।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:20 बजे दानिश स्कूल की छत पर काम कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे स्कूल के वाहन से रामसागर मिश्र 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दानिश पुत्र अतीक निवासी अचरामऊ, थाना बीकेटी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।













