फतेहपुर, 12 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान के तहत बिंदकी तहसील क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बावन इमली में बुधवार को स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/आश्रित सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद बिंदकी की अध्यक्ष राधा साहू, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र गौतम, रमाकांत तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने बावन इमली के 52 शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। शहीदों को नमन करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी यूं ही नहीं मिली, बल्कि इसके लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। बावन इमली की धरती स्वतंत्रता आंदोलन के उस गौरवपूर्ण इतिहास की साक्षी है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम व उत्साह का संचार किया।
समारोह में उपजिलाधिकारी बिंदकी निशांत तिवारी, बीडीओ खजुहा कोमल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बिंदकी चंद्रभूषण पांडेय, तहसीलदार अचलेश सिंह, नायब तहसीलदार रचना यादव, खंड शिक्षा अधिकारी पवन द्विवेदी समेत विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बावन इमली के 52 शहीदों को नमन, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का हुआ सम्मान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












