- परिजनों ने चौराहे पर शव रखकर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
लखनऊ। नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घर पहुंचने के बाद परिजनों ने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अमीनाबाद चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। युवक को परेशान करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। करीब डेढ़ घंटे बाद परिजन मान गए और प्रदर्शन खत्म हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि फतेहगंज गल्ला मंडी स्थित दुगांवा इलाके के एक मकान में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही नाका हिंडोला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फतेहगंज गल्ला मंडी, दुगांवा नाका हिंडोला निवासी अजय गुप्ता पुत्र स्व. माता प्रसाद गुप्ता चाट का ठेला लगाता था।
पुलिस के अनुसार, अजय ने अपने कमरे में छत पर लगे पंखे के कुंडे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। परिवार में पत्नी मनीषा और बेटा हर्ष है।











