HomeHealth & Fitnessराजभवन में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान का हुआ सजीव प्रसारण

राजभवन में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान का हुआ सजीव प्रसारण

  • नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के ​तहत जनभवन द्वारा विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज जनभवन, लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ संकल्प के राष्ट्रव्यापी अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जनभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम को देखा व श्रवण किया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ तथा ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के अनुरूप भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा ’’माय भारत’’ के माध्यम से 16 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ का आयोजन ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ विशेष थीम के अंतर्गत किया जा रहा है।

Photo (3)

इसी क्रम में राज्यपाल की प्रेरणा से जनभवन, उत्तर प्रदेश द्वारा 26 जुलाई से 18 अगस्त, 2026 तक नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसके अन्तर्गत जनभवन आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता रैली, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के सहयोग से जन भवन में नशा मुक्ति जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। 

आगामी कार्यक्रमों में जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी, लखनऊ पुलिस, एनसीबी एवं एएनटीएफ के साथ नशा प्रभावित क्षेत्रों में साइकिल जन-जागरूकता रैली, जनभवन से संबद्ध शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति रैलियाँ, संवाद कार्यक्रम, चलचित्र प्रदर्शन, प्रदर्शनी, नाटक प्रतियोगिता, नशा मुक्ति यज्ञ, शपथ ग्रहण, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी नशा मुक्ति की शपथ, मद्य निषेध विभाग की प्रदर्शनी आदि भी सम्मिलित है।

प्रधानमंत्री द्वारा आज शुभारंभ किये गये इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण को गति प्रदान करना है। इस अभियान के अंतर्गत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में विविध जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए नशा मुक्ति के जनआंदोलन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा सके।

अभियान में ’माय भारत’ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के साथ-साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आध्यात्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जन-जागरूकता का दायरा विस्तृत हो तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments