HomeHealth & Fitnessअंबेडकरनगर में धर्मांतरण रैकेट पर बड़ा एक्शन! चर्च से जुड़े दो आरोपी...

अंबेडकरनगर में धर्मांतरण रैकेट पर बड़ा एक्शन! चर्च से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में धार्मिक साहित्य और रजिस्टर बरामद

अंबेडकरनगर।उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में पुलिस ने कथित अवैध धर्मांतरण से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित थे। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में धार्मिक साहित्य, अभिलेख, बही-खाते और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार के मार्गदर्शन में एएचटीयू (Anti Human Trafficking Unit) और बसखारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी नेबूलाल और अंजीत कुमार, दोनों ग्राम पटना मुबारकपुर, थाना बसखारी के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को उनके घर के बाहर से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे पटना मुबारकपुर स्थित एक चर्च में लोगों को प्रार्थना सभा के नाम पर बुलाते थे और कथित रूप से गरीब एवं भोले-भाले लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराते थे। इसके बदले उन्हें धनराशि मिलने की भी बात सामने आई है। इन दावों की जांच जारी है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 10 गत्तों में रखी बड़ी संख्या में धार्मिक पुस्तकें बरामद कीं। इसके अलावा तलाशी के दौरान बही-खाता रजिस्टर, डायरी, प्रार्थना रजिस्टर, चर्च सामग्री रजिस्टर, सदस्यता फॉर्म, रसीदें, उपस्थिति रजिस्टर, प्रसाद के डिब्बे तथा विभिन्न आकार की पांच बाइबल भी बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, बरामद दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध पहले से दर्ज मु0अ0सं0-552/2025 में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित नेटवर्क से अन्य लोग जुड़े हैं या नहीं तथा बरामद अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments