गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौतनवा थाना क्षेत्र के पैसिया बाबू पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह 10:45 बजे दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो बच्चों और दो महिलाओं सहित कुल सात लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही संपतिहा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह के अनुसार, नेपाल के परसा गांव निवासी तूफानी अपने बेटे रामचरण और पत्नी गंगोत्री के साथ बाइक से कोल्हुई की ओर जा रहे थे। वहीं, गोरखपुर के चिलुआताल थानांतर्गत देवीपुर मैनाभागर निवासी वेदव्यास अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर बाइक से नौतनवा की ओर जा रहे थे। पैसिया बाबू स्थित पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर हुई है और घायलों को इलाज के लिए रतनपुर सीएचसी भेजा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों बाइकों को संपतिहा चौकी ले जाया गया है।
गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर दो बाइकों की टक्कर:नौतनवा में 7 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
RELATED ARTICLES












