भवानीगंज में बेंवा-भड़रिया मार्ग पर लटिया चौराहे के पास रविवार रात करीब 10:30 बजे एक निजी बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। भवानीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंचनपुर के टोला तकियवा निवासी समीर (20) पुत्र मुस्तकीम, शाकिब (13) पुत्र फजलेरब और शोएब (17) पुत्र मुस्तकीम बाइक से किसी काम से बेंवा चौराहे गए थे। लौटते समय लटिया चौराहे के पास भड़रिया की ओर से मजदूरों को लेकर बिहार जा रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने समीर और शाकिब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शोएब की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बस्ती रेफर किया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे इलाज के लिए लखनऊ ले गए। समाचार लिखे जाने तक उसका उपचार लखनऊ स्थित आईकॉन हॉस्पिटल में चल रहा था। वहीं, थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है। परिजन शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। पुलिस पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंपने के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
सिद्धार्थनगर में दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत:तीसरे की हालत गंभीर, बिहार जा रही बस ने बाइक सवारों को कुचला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












