उत्तर प्रदेश शासन के ‘मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में महिला थाना प्रभारी, एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (रोडवेज) एवं केश कुमारी बालिका इंटर कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनका निर्भीक होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
*विद्यार्थियों को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 1930 (राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन) के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही साइबर ठगी के नए-नए तरीकों से सावधान रहने, किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से पहले सतर्कता बरतने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।*
इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों द्वारा ग्राम चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, सरकारी योजनाओं एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों, बाजारों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें आत्मरक्षा, सुरक्षा उपायों एवं निर्भीक होकर पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
*सुलतानपुर पुलिस जनपदवासियों से अपील करती है कि महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।*












