
फिरोजाबाद, हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, में आयोजित किया गया ध्वजारोहण समारोह
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में राष्ट्रीय पर्व एवं हर घर तिरंगा अभियान के पावन अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। झंडा संहिता के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करते हुए प्रभारी अधिकारी (चिकित्सा महाविद्यालय परिसर) डॉ. नितिन तिवारी एवं प्रभारी अधिकारी (चिकित्सालय परिसर) डॉ. राजीव निषाद द्वारा चिकित्सालय एवं चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के समस्त भवनों पर तिरंगा फहराया गया।
इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग कर विभिन्न तिरंगा-थीम आधारित भव्य रंगोलियां बनाईं, जो मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहीं। प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान हम सभी में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पर्व की बधाई देते हुए देश की सेवा में समर्पित रहने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य, चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












