UP: सुल्तानपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को एसटीएफ लखनऊ और बंधुआकला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे स्थित डेरा बसी ढाबा के सामने घेराबंदी कर एक आयसर डीसीएम वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा मिला। मौके से वाहन चालक विजय पाल (37), निवासी अयोध्या, को गिरफ्तार कर लिया गया।
वाहन से 104 किलोग्राम गांजा समेत दस्तावेज बरामद
पुलिस जांच में वाहन से तीन बोरियों में टेप से सील किए गए 52 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 104 किलोग्राम अवैध गांजा भरा था। इसके अलावा पुलिस ने गांजे की तस्करी में इस्तेमाल किया गया छह टायर वाला आयसर डीसीएम वाहन, आरोपी का आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक विवो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया। बरामदगी के बाद सभी सामान को जब्त कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर की निगरानी में हुई इस कार्रवाई के बाद थाना बंधुआकला में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पहले भी कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार विजय पाल कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ रायबरेली और मैनपुरी जिलों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई संगीन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है।
Also Read: UP: सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर वीडियो बनाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा किस राज्य या क्षेत्र से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए संभावित सहयोगियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस संयुक्त अभियान में एसटीएफ लखनऊ की टीम के साथ बंधुआकला थाना प्रभारी प्रमोद कुमार और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













