लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस पर सभी 75 जनपदों में वंदे मातरम् वाटिका स्थापित की जाएगी। यह वाटिका पर्यावरण संरक्षण के साथ ही राष्ट्रभक्ति का भी संदेश देगी। वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर एक पेड़ मां के नाम के तहत हर जनपद में 150 पौधों का रोपण किया जाएगा।
वन विभाग प्रत्येक जनपद में ‘वंदे मातरम् वाटिका’ विकसित करेगा। इसमें छायादार, फलदार और पर्यावरण संरक्षण में उपयोगी पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों के देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को दी जाएगी। अवध वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर कुकरैल पिकनिक स्पॉट में वंदे मातरम वाटिका को विस्तार दिया जाएगा।
यहां अशोक चक्र बनवाया गया है, इसकी 24 तीलियों के बाहर के क्षेत्र में अशोक के पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की सुरक्षा के लिए इसके चारों तरफ फेंसिंग भी होगी। इसमें भारतीय वन सेवा के अधिकारियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से पौधरोपण कराया जाएगा।












