लखनऊ । राजधानी के थाना बाजारखाला क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर इनोवा कार दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सर्विलांस सेल की मदद से की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मई 2025 को वादी मोहित जयसवाल निवासी मोतीझील कॉलोनी, ऐशबाग ने थाना बाजारखाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षीगण ने उन्हें इनोवा कार दिलाने का झांसा देकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोपियों ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली बताकर 5,25,000 रुपये की ठगी कर ली।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 82/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। जांच के दौरान एक आरोपी मो. उमर को पहले ही 9 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
वहीं, मुख्य आरोपी मो. तारिक पुत्र स्व. कासिम अली खान निवासी पुराना नक्खास, थाना चौक, लखनऊ घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय द्वारा 16 जनवरी 2026 को गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
लगातार प्रयास और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने 29 अप्रैल 2026 को आरोपी मो. तारिक को गाजीपुर थाना क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया।












