#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत महाराजगंज बाजार में एनएच-28 हाईवे के अंडरपास में हल्की बारिश होते ही जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। थोड़ी देर की बारिश में ही अंडरपास में घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महाराजगंज बाजार कांवड़ यात्रा का मुख्य मार्ग है, जिसके कारण यहां कांवड़ियों का लगातार आवागमन बना रहता है। ऐसे में अंडरपास में जलभराव और गड्ढों की समस्या कांवड़ यात्रियों के लिए भी बड़ी बाधा बन सकती है। कुछ दिन पहले एसडीएम हर्रैया ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कांवड़ रूट पर बने गड्ढों और जलभराव की समस्या को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की थी, ताकि कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हो सके। हालांकि, इसके बावजूद अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान विनोद ने बताया कि उन्होंने भी इस समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय निवासी रामजीत ने जानकारी दी कि महाराजगंज मुख्य बाजार होने के कारण यहां स्कूल, बैंक और किसान समिति जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं स्थित हैं। हाईवे होने के चलते यहां वाहनों का दबाव भी अधिक रहता है, और अंडरपास में बने गड्ढे किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या से जल्द से जल्द निजात दिलाई जाए। उन्होंने अंडरपास की मरम्मत और उचित जल निकासी की व्यवस्था कराने की अपील की है, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों दोनों को राहत मिल सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती अंडरपास में हल्की बारिश से जलभराव:स्थानीय लोग परेशान, कांवड़ यात्रा के लिए खतरा; प्रशासन से समाधान की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












