नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की बचत करने की अपील की थी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अपने काफिले में 50% से अधिक वाहनों की संख्या कम कर दी। अन्य केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री भी पीएम के उदाहरण का पालन करने लगे, और विदेश यात्राओं पर रोक लगाई गई।अब इसी मुहिम में केंद्रीय अर्धसैनिक बल भी शामिल हो गए हैं। देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ ने अपने वाहनों की तेल खपत में 10% की कटौती करने का आदेश जारी किया है।
सीआरपीएफ का आदेश
सभी यूनिटों, कार्यालयों, इंस्टीट्यूट, ट्रेनिंग सेंटर और अन्य लोकेशनों पर वाहनों की तेल खपत 10% कम की जाए।केवल प्रशासनिक ड्यूटी और स्थिर लोकेशन (स्टैटिक लोकेशन) वाले वाहनों पर कटौती लागू होगी।ऑपरेशनल ड्यूटी में लगे वाहनों का इस्तेमाल सुरक्षा और सुरक्षा मानकों को बनाए रखते हुए विवेकपूर्ण ढंग से किया जाएगा।यह लक्ष्य मासिक तेल खपत के आधार पर निर्धारित किया जाएगा।
आईटीबीपी का आदेश
आईटीबीपी ने भी विदेशी यात्राओं पर पूरी तरह रोक लगा दी है।बल के सभी पदाधिकारियों को पर्यटन या गैर-आवश्यक विदेशी दौरे की अनुमति नहीं दी जाएगी।यह निर्देश महानिदेशालय, महानिरीक्षक, सीमान्त/जोनल मुख्यालय, अकादमी, ट्रेनिंग सेंटर और बल की सभी शाखाओं पर लागू होगा।इस कदम के जरिए सरकार ईंधन की बचत और सार्वजनिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश देना चाहती है।












