सिद्धार्थनगर में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को चारपाई से बांधकर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने आरोप है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए बस्ती के कैली अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव का है। पढ़िए पूरा मामला… ग्राम रेहरा निवासी घम्मल प्रसाद गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे लालजी गौतम (28) की पत्नी पूजा गौतम (26) का फिरोज़ पुत्र मुख्तार निवासी ग्राम बगही बारी, थाना पीपीगंज गोरखपुर से प्रेम संबंध था। आरोप है कि फिरोज़ का लालजी के घर आना-जाना लगा रहता था। तहरीर के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे पूजा गौतम और फिरोज़ ने मिलकर लालजी गौतम को रस्सी से चारपाई पर बांध दिया। इसके बाद उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरने से लालजी गंभीर रूप से झुलस गया। लालजी की चीख-पुकार सुनकर बाहर सो रहे उसके पिता और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे बेवा सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बस्ती स्थित कैली अस्पताल रेफर कर दिया। पड़ोसी महिला ने धुआं उठता देखकर सूचना दी बताया गया कि घटना के समय पिता घम्मल प्रसाद घर के बाहर सो रहे थे और उन्हें कम सुनाई देता है। पड़ोस की एक महिला ने घर से धुआं उठता देखा और उन्हें सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने फाटक तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां लालजी आग से झुलसी हालत में मिला। शुक्रवार को सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा और प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ अन्य जरूरी साक्ष्य भी जुटाए। घटना के बाद परिवार आर्थिक संकट से भी जूझ रहा है। परिजनों के अनुसार, मजदूरी कर परिवार चलाने वाले घम्मल प्रसाद के लिए बेटे का इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार बस्ती से युवक को वापस घर ले आया। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया- जिस मिट्टी के तेल से युवक को जलाया गया, वह पहले से घर में रखा हुआ था। पुलिस ने पत्नी पूजा गौतम और उसके प्रेमी फिरोज़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी और प्रेमी पर पति को जिंदा जलाने का आरोप:सिद्धार्थनगर में चारपाई से बांधकर लगाई आग, युवक गंभीर; मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












