Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में जंगली जानवर का आतंक:घर के पास खड़ी बुजुर्ग महिला पर...

बहराइच में जंगली जानवर का आतंक:घर के पास खड़ी बुजुर्ग महिला पर किया हमला, गांव में दहशत


बहराइच के शिवपुर ब्लॉक अंतर्गत कोडरी गांव में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की आशंका जताई है, जबकि वन विभाग मामले की जांच में जुट गया है। जानकारी के अनुसार, कोडरी गांव निवासी सुरजा देवी (65) शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद जानवर वहां से भाग गया। घटना के तुरंत बाद, परिजन घायल सुरजा देवी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर ले गए। चिकित्सकों ने उनका इलाज किया और बताया कि उन्हें चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी जा रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और नियमित गश्त कराने की मांग की है। डिप्टी रेंजर अमित कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है। वन विभाग की एक टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है। टीम मौके का निरीक्षण कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमला किस जंगली जानवर ने किया है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments