Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर में कार टक्कर से महिला की मौत:पति घायल, दवा लेकर लौटते...

सिद्धार्थनगर में कार टक्कर से महिला की मौत:पति घायल, दवा लेकर लौटते समय टक्कर से पुलिया के नीचे गिरने से लगी चोट


सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। इस हादसे में महिला का पति घायल हो गया। घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी के अनुसार, पथरा क्षेत्र के सुमहा गांव निवासी सुजीत गुप्ता (34) अपनी पत्नी अनीता (30) को दवा दिलाने के लिए बुधवार सुबह करीब 11 बजे सीएचसी तिलौली गए थे। दवा लेने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बांसी कोतवाली क्षेत्र के रमवापुर भैया गांव के पास नहर पुलिया के निकट पीछे से आ रही एक अनियंत्रित अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक समेत पुलिया के नीचे जा गिरे। पुलिया के नीचे गिरने के कारण राहगीरों की उन पर नजर नहीं पड़ी। वे करीब दो घंटे तक तेज धूप में वहीं पड़े रहे। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने सुजीत के मोबाइल पर संपर्क किया, तब उन्हें दुर्घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को संयुक्त चिकित्सालय बांसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने अनीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सुजीत का उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments