बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरैना बाजार में मोहर्रम मेले के दौरान एक युवक नहर में डूब गया। 20 वर्षीय युवक की तलाश में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चन्द्रावा निवासी सत्यम (20) पुत्र राजेश कुमार अपने छोटे भाई शिवम के साथ पुरैना मोहर्रम मेले में आया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब छह बजे दोनों भाई पास की पुरैना नहर में नहाने उतरे थे। नहाते समय सत्यम गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके भाई शिवम के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की सहायता से युवक की तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। इस हादसे के बाद सत्यम के परिजनों का बुरा हाल है। वहीं, मोहर्रम मेले का माहौल भी गमगीन हो गया है। युवक की तलाश अभी भी जारी है।
बहराइच मेले में युवक नहर में डूबा:पुरैना मोहर्रम मेले में हादसा, देर रात तक रेस्क्यू जारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












