श्रावस्ती में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार को विकासखंड हरिहरपुररानी के प्राथमिक विद्यालय भिट्ठी का औचक निरीक्षण किया। विभाग ने मंगलवार को 4:00 बजे के बाद जानकारी दी की डीएम ने शिक्षण व्यवस्था, छात्र उपस्थिति और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पंजीकृत छात्रों के मुकाबले कम उपस्थिति और उपस्थिति पंजिका में अंतर पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधान शिक्षक को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार और शिक्षामित्र रामकली देवी उपस्थित थे, लेकिन शिक्षामित्र राधादेवी कई दिनों से अनुपस्थित मिलीं। डीएम ने उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए। डीएम ने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने छात्रों से गणित के सवाल हल करवाए। कक्षा-4 के छात्र अमन द्वारा सवाल सही हल करने पर डीएम ने उसे प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों से मिड-डे मील के बारे में भी पूछा, जिसमें निर्धारित मेन्यू के अनुसार सब्जी युक्त दाल-चावल बना पाया गया। कुछ बच्चे बिना यूनिफॉर्म के मिले। शिक्षकों ने बताया कि डीबीटी हस्तांतरण में समस्या के कारण यूनिफॉर्म नहीं मिल पाई है। सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध थीं। विद्यालय में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, लेकिन शौचालय की स्थिति असंतोषजनक होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधान शिक्षक को शौचालय की नियमित और बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्पोर्ट्स ग्रांट, कंपोजिट ग्रांट और विफ्स पंजिका का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय भिट्ठी का औचक निरीक्षण किया:कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी, शिक्षामित्र कई दिनों से अनुपस्थित
RELATED ARTICLES












