Homeदेश (National) 'दिल्ली एयरपोर्ट पर न आएं', बुलाकर मना क्यों कर रहे कॉकरोच पार्टी...

 ‘दिल्ली एयरपोर्ट पर न आएं’, बुलाकर मना क्यों कर रहे कॉकरोच पार्टी के अभिजीत?

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली आने वाले हैं। पहले उनकी और उनकी पार्टी की ओर से अपील की गई थी कि लोग उन्हें एयरपोर्ट पर मिलें। अब खुद अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर न आएं। इस बदलाव के पीछे सीजेपी (CJP) के फाउंडर ने बताया कि ज्यादा भीड़ इकट्ठा होने से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। साथ ही, एयरपोर्ट पर मौजूद बाकी लोगों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इस वजह से अभिजीत दीपके ने लोगों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट की बजाय सीधे पुलिस स्टेशन आएं, जहां अभिजीत जंतर-मंतर पर आंदोलन करने के लिए पुलिस से मंजूरी लेने जाएंगे।

CJP के फाउंडर अभिजीत अमेरिका से लौटकर दिल्ली आने वाले हैं। उन्होंने पहले अपने समर्थकों से अपील की थी कि सभी लोग एयरपोर्ट पर आ जाएं लेकिन अब इस प्लान में बदलाव कर दिया गया है। जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला उस दिन लिया गया था, जब NEET परीक्षा पेपर लीक होने की खबर सामने आई थी। इसी को लेकर अभिजीत ने समर्थकों से 6 जून को दिल्ली एयरपोर्ट आने की अपील की थी। लोगों का बढ़ता समर्थन देखकर अभिजीत हैरान थे। अब सवाल उठता है कि कॉकरोज जनता पार्टी के अभिजीत का नया प्लान क्या है और उन्होंने अपने समर्थकों से क्या कहा है?

यह भी पढ़ें: JEE एडवांस में हो कितना नंबर कि IIT में मिले एडमिशन? कैटेगरी के लिए कटऑफ जानिए

अभिजीत ने समर्थकों को दी सलाह

अभिजीत दीपके ने कॉकरोज जनता पार्टी के एक्स अकाउंट पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा, ‘मैं देख रहा हूं कि बहुत सारे लोग 6 जून को एयरपोर्ट पर आने को तैयार हैं। मुझे उम्मीद नहीं थी कि इतनी प्रतिक्रिया आएगी। इसलिए मैं आप सबसे अपील करता हूं कि प्लीज सभी लोग एयरपोर्ट पर न आएं। हम नहीं चाहते कि एयरपोर्ट पर किसी को कोई समस्या हो और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो। इस वजह से आप सब एयरपोर्ट न आएं। मैं नहीं चाहता कि हमारी वजह से किसी को परेशानी झेलनी पड़े, इसलिए हमें वहां भीड़ करने की जरूरत नहीं है।’

समर्थकों को कहां बुलाया?

अभिजीत दीपके ने कहा, ‘मैं खुद एयरपोर्ट से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन आऊंगा। आप लोग भी वहीं आइए। फिर वहां से इजाजत लेकर हम जंतर-मंतर जाएंगे, जहां शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे। हम संविधान के हिसाब से ही आंदोलन करेंगे, तो प्लीज आप लोग इस बात का ख्याल रखें। आपको ध्यान रखना है कि हम कानून न तोड़ें।’

यह भी पढ़ें: 19 साल से कम उम्र में मां बनीं देश की 6.7 प्रतिशत महिलाएं, समझिए कितना है खतरा

इसके बाद अभिजीत ने संकेत देते हुए कहा, ‘ये लोग हमारे विरोध प्रदर्शन को खारिज करने का मौका तलाशेंगे, इसलिए हमें कानून तोड़कर इन्हें मौका नहीं देना चाहिए।’ जानकारी के लिए बता दें कि यह विरोध प्रदर्शन केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ होगा, जहां लोग उनके इस्तीफे की मांग करेंगे।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments