आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाया जाए और मौजूदा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटा दिया जाए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत है। उन्होंने वांगचुक की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि वे संसद के मानसून सत्र में इन मुद्दों को उठाएंगे। केजरीवाल AAP नेताओं संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज के साथ वहां पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: 9 किलो वजन घटा, यूरिक एसिड बढ़ गया, अब कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत?
अरविंद केजरीवाल ने यह दांव क्यों चला है?
सोनम वांगचुक, वैकल्पिक शिक्षा की दिशा में दशकों से काम कर रहे हैं। वह शिक्षाविद् भी हैं और पर्यावरण एक्टिविस्ट भी। अरविंद केजरीवाल ने मांग की है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से हटा देना चाहिए और उनकी जगह सोनम वांगचुक को देश का नया शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि देश की परीक्षा और शिक्षा तंत्र लचर स्थिति में है। पेपर लीक हो रहे हैं, मूल्यांकन प्रणालियों में धांधली हो रही हैं। उनका कहना है कि इस खराब व्यवस्था को सुधारने के लिए किसी पारंपरिक नेता की नहीं, बल्कि एक क्रांतिकारी शिक्षा मंत्री की जरूरत है जो बड़े बदलाव ला सके।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक से पहले किनकी भूख हड़ताल ने सरकार को झुकाया, कितना लंबा चला संघर्ष?
सोन वांगचुक ने शिक्षा के लिए क्या किया है?
सोनम वांगचुक का शिक्षा के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। वह पर्यावरण कार्यकर्ता भी रहे हैं, इनोवेटर हैं और शिक्षाविद भी हैं। लद्दाख में व्यावहारिक और इनवोटिव शिक्षा के लिए ‘द स्टूडेंट एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख’ जैसे संस्थान की स्थापना की है और शिक्षा में रिफॉर्म के लिए जमीनी स्तर पर सालों तक काम किया है।
20 दिनों से आमरण अनशन क्यों?
सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले कथित पेपर लीक के खिलाफ पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। सोनम वांगचुक अब तक गैर राजनीतिक व्यक्ति रहे हैं, इसलिए उन्हें युवा बड़े पैमाने पर समर्थन दे रहे हैं। वह भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
सोनम वांगचुक 20 जून से भूख हड़ताल पर हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में सैकड़ों छात्र, शिक्षक और कार्यकर्ता शामिल हैं। सोनम वांगचुक काफी कमजोर दिख रहे थे और ज्यादातर समय बैठे नजर आ रहे हैं। उनके समर्थन में दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ‘अनशन खत्म करें, देश को आपकी जरूरत’, कई हस्तियों ने सोनम वांगचुक से की अपील
अब तक किन हस्तियों ने की शिरकत?
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि देश को बेहतर शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है, इसलिए वे इस आंदोलन के साथ हैं। अर्थशास्त्री जीन ड्रेज और किसान नेता राकेश टिकैत ने भी सोनम वांगचुक को समर्थन दिया। अरविंद केजरीवाल ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे वांगचुक को भूख हड़ताल खत्म करने के लिए मनाएं।
अब आगे क्या?
आंदोलनकारी 20 जुलाई को संसद की ओर मार्च निकालने की तैयारी कर रहे हैं। सोनम वांगचुक के समर्थन में बॉलीवुड सितारे आ चुके हैं। स्वरा भास्कर से लेकर ओमी वैद्य तक उनके समर्थन में बयान जारी कर चुके हैं। लोग सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील कर रहे हैं।












