#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार रात करीब 11 बजे महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला में हुई। मृतक राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी के बहनोई के भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला निवासी मनीष पांडेय का गांव के कुछ लोगों से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मनीष पर चारपाई के पाट से हमला कर दिया। हमले में मनीष के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की खबर के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गांव से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीमें आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में हिंदू नेता के बहनोई की पीट पीटकर हत्या:जमीन के विवाद में दबंगों ने चारपाई की पाटी से मारा
RELATED ARTICLES












