- मायावती ने भाजपा-आआपा से सतर्क रहने की अपील की
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संत रविदास के नाम पर कलश यात्रा निकाले जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव नजदीक आते ही भाजपा समाज को भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अपने समाज से भाजपा के साथ ही आम आदमी पार्टी (आआपा) की वोटबैंक की राजनीति से सतर्क रहने की अपील की है।
मायावती ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि जैसाकि विदित है कि 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुग़लकाबाद में संत रविदास के पवित्र गुरुघर को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से ढहा दिया गया था। इसके विरोध में देशभर की संगत जब लोकतांत्रिक ढंग से सड़कों पर उतरी तो तब उन्हें लाठीचार्ज, आँसू गैस, गिरफ्तारियां और मुकदमों आदि का सामना करना पड़ा। काफी लोगों को जेल भी जाना पड़ा। इतना ही नहीं गुरुघर की भूमि भी छीन ली गई और आज भी संगत को लोहे के अस्थायी टीन शेड में अपने गुरुजी को माथा टेकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मायावती ने कहा कि अब पंजाब में चुनाव नज़दीक है तो भाजपा संत रविदास के नाम पर कलश यात्रा निकालकर गुरुजी के बेगमपुर शहर के लक्ष्य से समाज को भटाकने का प्रयास कर रही है। दूसरी ओर पंजाब के धलेता गांव में गुरुघर की दीवार गिराए जाने पर जब संगत और बसपा ने आवाज़ उठाई तो गिरफ्तारियां की गईं। अंत में फिर आआपा की सरकार को झुकना पड़ा और गुरुघर का पुननिर्माण कराना पड़ा।







