#बस्ती_न्यूज
बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्र का शव खेत में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्र द्वारा आत्महत्या जैसा कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों के अनुसार, छात्र सनूप शनिवार रात करीब नौ बजे परिवार के साथ भोजन करने के बाद रोज की तरह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में बने मचान पर सोने के लिए गया था। रात में किसी को भी उसके व्यवहार में कोई असामान्यता नजर नहीं आई। परिवार के लोग भी यह सोचकर निश्चिंत थे कि वह रोज की तरह सुबह वापस घर लौट आएगा। रविवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं खेतों की ओर शौच के लिए गईं। इसी दौरान उनकी नजर खेत में बने छप्पर के पास रेशम की रस्सी के सहारे फंदे से लटके छात्र के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी तत्काल कलवारी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के पिता रामलाल प्लंबर का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सनूप तीन भाइयों और दो बहनों में मंझला था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी को समझ नहीं आ रहा कि छात्र ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में 16 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर दी जान:रात में खाना खाकर सोने गया था छात्र, सुबह महिलाओं ने देखा शव
RELATED ARTICLES












