श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के रानीसीर गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता नगमा का शव 1 जून को उसके ससुराल के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मायके पक्ष की तहरीर पर पति सहित सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की सास नजमी के अनुसार, घटना के समय नगमा घर में अकेली थी। उनके पति शाहबाज अपने पिता को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे, जबकि वह खुद सुबह बकरी चराने गई थीं। लौटने पर उन्हें कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई जवाब न मिलने पर रोशनदान से झांककर देखा गया, जहां नगमा का शव फंदे से लटका हुआ दिखा। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के पिता असगर अली, जो गोंडा जिले के विशुनापुर के निवासी हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले नगमा की शादी रानीसीर निवासी शाहबाज से हुई थी। नगमा के साथ की गई थी मारपीट शादी के बाद से ही पति शाहबाज, ससुर कमाल खां और सास गुलनाज द्वारा चार पहिया वाहन और दो लाख रुपये नकद की अतिरिक्त दहेज मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर नगमा के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग और प्रताड़ना से तंग आकर 1 जून की सुबह करीब 9 बजे नगमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।वहीं घटना की सूचना उन्हें पड़ोसियों से मिली बेटी के ससुराल के लोगों ने उन्हें नहीं बताया। पुलिस ने मृतका के पति शाहबाज, ससुर कमाल खां और सास गुलनाज के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी पति शाहबाज खान को उम्मदपुरवा मोड़ लाल भट्ठा के पास से गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना तेजी से की जा रही है और शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
श्रावस्ती में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत:पिता बोले- दहेज प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने दी जान, पति गिरफ्तार; सास-ससुर फरार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












