लखनऊ। मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगंज में आयोजित रोजगार मेले में 454 अभ्यर्थियों में 275 को नौकरी मिल गयी। इस मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड , आंजनेय पावर प्रोग्रेस , डी.एस. फैसिलिटी सर्विसेज , त्रिवेणी अलमीरा प्राइवेट लिमिटेड , कोटक महिंद्रा बैंक तथा असाइन सर्विसेज सहित कई कंपनियों ने भाग लिया।
राजकीय आईटीआई अलीगंज के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले में उपस्थित कंपनी प्रतिनिधियों से अधिकाधिक अभ्यर्थियों का चयन करने का अनुरोध किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को समयबद्ध रूप से जॉइनिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच सेतु का कार्य करते हैं। इससे प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को सीधे रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है तथा उद्योगों को उनकी आवश्यकतानुसार दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो पाता है। प्लेसमेंट आॅफिसर एम. ए. खाँ ने बताया कि कैंपस ड्राइव में कुल 454 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के उपरांत 275 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा अधिकतम 29,612 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन तथा अन्य आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।












