रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
महराजगंज।जलवायु संतुलन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आगामी 12 जुलाई को जिले में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पूरे जनपद में लगभग 32 लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन और वन विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को इस अभियान को पूरी गंभीरता से सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप महराजगंज को 32 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, परिषदीय व निजी विद्यालयों सहित अन्य सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों को अलग-अलग लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं। वन विभाग समेत अन्य सहयोगी विभागों ने पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों का चयन और गड्ढे तैयार करने का कार्य समय से पहले ही पूर्ण कर लिया है। इस वर्ष के अभियान में प्रशासन का मुख्य ध्यान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि पूर्व के वर्षों की तरह केवल रोपण की औपचारिकता न की जाए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जाए ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जवाबदेही भी तय की जाएगी। प्रशासन ने इस महाअभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, प्रबुद्ध वर्ग, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। अधिकारियों का मानना है कि बिना जनसहभागिता के कोई भी बड़ा अभियान पूर्णतः सफल नहीं हो सकता। “हरा-भरा प्रदेश, खुशियों का संदेश” और “सुरक्षित जीवन, समृद्ध परिवेश” के संकल्प के साथ इस अभियान को धरातल पर उतारा जाएगा।











