श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड में गढ़ी चौराहे से बहादुरगंज को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग की मरम्मत लंबे समय से नहीं कराई गई है। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कत होती है। कई बार वाहन फिसलने से लोग चोटिल भी हो चुके हैं। पैदल चलने वाले राहगीरों को भी जलभराव और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। गढ़ी चौराहे पर सरकारी समिति के सामने सड़क की हालत सबसे खराब है। आसपास के गांवों से किसान खाद और बीज लेने के लिए इस समिति पर आते हैं, जिन्हें सड़क की बदहाली के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में समिति तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रीय निवासी प्रदीप ने बताया कि सड़क खराब होने से लोगों को प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदीप, भवानी प्रसाद, राम मूरत, छोटकऊ और ननकने सहित अन्य ग्रामीणों ने जानकारी दी कि यह मार्ग बलरामपुर जनपद को भी जोड़ता है। इस कारण दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता रहता है। भारी आवागमन के बावजूद सड़क की मरम्मत न होने से ग्रामीणों में गहरा रोष है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल गड्ढों को भरने के बजाय सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और लगातार बने दुर्घटना के खतरे से निजात मिल सके।
गढ़ी चौराहा से बहादुरगंज को जोड़ने वाली सड़क बदहाल,:बारिश से गड्ढों में भारा पानी, हादसे का खतरा; ग्रामीण कर रहे मरम्मत की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












