लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से रविवार को जन भवन में रुद्राभिषेक का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। राज्यपाल ने रुद्राभिषेक में सहभागिता करते हुए भगवान शिव का विधिवत पूजन एवं अभिषेक किया।
इस दौरान जन भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से मंत्रोच्चारण, पूजन एवं आरती में सहभागिता की।पूजन संपन्न होने के पश्चात राज्यपाल ने भ्रमण करते हुए रुद्राभिषेक में सम्मिलित प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी व उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनके घर-परिवार का कुशलक्षेम जाना तथा उनके सुख-स्वास्थ्य की जानकारी ली। राज्यपाल द्वारा आत्मीयता से किए गए संवाद से अधिकारी-कर्मचारी भावुक एवं प्रसन्न नजर आए।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन में रुद्राभिषेक की परंपरा विगत कई वर्षों से चली आ रही है। इसमें जन भवन के अधिकारी कर्मचारी अपने परिजनों के साथ सामूहिक रूप से श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हैं।












