Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)11 हजार वोल्ट तार पेड़ से टकराया, चिंगारी से दहशत:श्रावस्ती में बिजली...

11 हजार वोल्ट तार पेड़ से टकराया, चिंगारी से दहशत:श्रावस्ती में बिजली विभाग की लापरवाही, बड़े हादसे का खतरा


श्रावस्ती जिले के इकौना तहसील क्षेत्र के भोजपुर गांव के पास 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन एक हरे पेड़ से टकरा रही है। इकौना से सेमरी जाने वाले मार्ग पर स्थित यह समस्या बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, आए दिन तारों से चिंगारी और आग की लपटें निकलती हैं। चिंगारी और लपटें उठने से आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच जाती है। लोग अपनी दुकानें छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को विवश हो जाते हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि पेड़ में भी करंट उतर सकता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और जान-माल का नुकसान हो सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह समस्या पिछले लगभग दो वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी सूचना दी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल तार और पेड़ के बीच आवश्यक दूरी बनवाने तथा लाइन की जांच कराने की मांग की है। इस मामले पर जब जेई अनिल कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन सभी स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है, जहाँ पेड़ विद्युत तारों से टकरा रहे हैं। जेई कुमार ने आश्वस्त किया कि आवश्यकतानुसार पेड़ों की ऊपरी कटाई कराई जाएगी, ताकि तारों से पेड़ के टकराने की समस्या खत्म हो सके। उन्होंने जल्द ही इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular