Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भारत-नेपाल सीमा पर डीएम-एसपी सख्त:श्रावस्ती में सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी तेज करने...

भारत-नेपाल सीमा पर डीएम-एसपी सख्त:श्रावस्ती में सुरक्षा बढ़ाने और निगरानी तेज करने के निर्देश


श्रावस्ती: जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सूइया बॉर्डर का सघन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान एसएसबी अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा, तस्करी नियंत्रण और नागरिकों की आवाजाही से संबंधित विभिन्न सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ सीमा चौकियों का भ्रमण किया। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सीमा पार से होने वाली तस्करी, अवैध आवागमन और घुसपैठ की किसी भी कोशिश को विफल करने के लिए नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। अंतरराष्ट्रीय चेकपोस्ट पर नागरिकों की जांच प्रक्रिया का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने जांच को अधिक सतर्क, सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हमेशा अलर्ट रहें। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत मिल सके। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने एसएसबी और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधि, तस्करी या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सीमा सुरक्षा के प्रति सतर्कता बनाए रखने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments