लखनऊ। राजधानी के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:18 बजे की बताई जा रही है, जब ग्राम बस्तियां निवासी जसकरन ने पुलिस को सूचना दी कि उसके दामाद कुलदीप (28) ने बेगरियामऊ स्थित एक आम के बाग में फांसी लगा ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुलदीप रावत (28) ने आम के पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की, जिसमें बताया गया कि मृतक को नशे की लत थी, जो इस घटना का संभावित कारण हो सकता है।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल, पुलिस आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












