#बस्ती_न्यूज
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन गेट नंबर एक पर ठेला लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुरानी बस्ती पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर शनिवार को सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक के किनारे सनी पुत्र कल्लू पिछले कई वर्षों से चाय का ठेला लगाते थे। हाल ही में आरपीएफ बस्ती द्वारा अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत उनका ठेला हटवा दिया गया था। बीती रात, दूसरे पक्ष द्वारा उसी स्थान पर अंडे का ठेला लगाने को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस घटना में सनी, कल्लू, मनीष, सुशीला और विशाल सहित पांच लोगों को चोटें आईं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। कुछ लोगों ने दबी जुबान में आरोप लगाया है कि आरपीएफ बस्ती ने सनी का चाय का ठेला हटवाकर सुमित का अंडे का ठेला लगवाया था, जिसके कारण यह विवाद हुआ। हालांकि, आरपीएफ इंस्पेक्टर राशिद बेग ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने बताया कि वे पहले भी कई बार सभी दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने के लिए कह चुके हैं। इंस्पेक्टर बेग ने आगे कहा कि जल्द ही एक विशेष अभियान चलाकर रेलवे स्टेशन के दोनों गेटों के आसपास लगे सभी ठेलों और दुकानों को हटाया जाएगा। जो दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती रेलवे स्टेशन पर ठेला विवाद, पांच घायल:पुरानी बस्ती पुलिस ने 7 लोगों पर दर्ज किया मुकदमा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












