लखनऊ। उप्र होमगार्ड के पदों पर इनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा को देखते हुए डीएम विशाख जी एवं जेसीपी बबलू कुमार ने परीक्षा के पहले दिन विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत जेसीपी कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से की। डीएम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव फीड की मॉनिटरिंग की जा रही है। डीएम और जेसीपी ने नबीउल्लाह रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र पहुंच कर परीक्षा के सुचारू संचालन के संबंध में एग्जामिनेशन रूम, परीक्षा पर्यवेक्षकों की व्यवस्था को देखा गया।
डीएम और जेसीपी ने राजकीय जुबली इंटर कॉलेज का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड का निरीक्षण करते हुए सभी केंद्र व्यवस्थापको को नकल विहीन पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि शांतिपूर्ण व नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही समस्त केंद्रों पर मोबाइल जैमर की भी व्यवस्था को सुनिश्चित कराया गया है, ताकि नकल विहीन परीक्षा को सम्पन्न कराया जा सके।












