नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस सुनयना सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पर पहुंच गया, जहां उसका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस आगमन को भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत होते समुद्री संबंधों के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। पोत 29 अप्रैल को यहां से रवाना होकर हिंद महासागर क्षेत्र में अपने मिशन को आगे बढ़ाएगा।
यह तैनाती ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) की परिकल्पना के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना और क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करना है। यह पोत बहुराष्ट्रीय दल के साथ हिंद महासागर क्षेत्र में सक्रिय है और सिंगापुर पहुंचने से पहले माले, फुकेत और जकार्ता के बंदरगाहों पर भी ठहराव कर चुका है।
सिंगापुर में भारत की उच्चायुक्त डॉ. शिल्पकअंबुले ने जहाज पर सवार चालक दल से मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और विभिन्न देशों के बीच समन्वय बढ़ाने में इस मिशन की अहम भूमिका बताई। पोत के कमान अधिकारी कमांडर सिद्धार्थ चौधरी ने क्रांजी युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और सिंगापुर नौसेना के अधिकारियों के साथ सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।












